अखिलेश यादव का मास्टरस्ट्रोक, सरकार बनने पर पुरानी पेंशन होगी बहाल…

स्टार एक्सप्रेस

लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजनीति में जब से चुनाव की तारीखों का ऐलान हुआ है तब से समाजवादी पार्टी एक के बाद एक नये पत्ते खोलकर सर्द मौसम में भी राजनीति की गर्माहट को बनाये हुए है। पहले एक के बाद एक लगातार तीन कैबिनेट मंत्री और एक लंबी लिस्ट के विधायकों को अपने पार्टी में शामिल कराया। फिर एक बाद बाद चुनावी वादे करके राजनीति की गेंद को अपने पाले में रखने की कोशिश कर रही है।

इसी क्रम में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने समाजवादी सरकार बनने पर पुरानी पेंशन बहाल करने ऐलान किया है। साथ ही इस मुद्दे को अपने घोषणा पत्र में शामिल करने की बात कही है। इसके लिये उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर आर्थिक क्षेत्र के एक्सपर्ट से भी चर्चा की है। उसी के बाद ही पुरानी पेंशन बहाल करने का फैसला किया गया है।

 

पेंशन बहाली से लगभग तेरह लाख लोग होंगे लाभाविन्त

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने कर्मचारियों और शिक्षकों की पुरानी पेंशन को खत्म कर दिया। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर हम इसे पुनः बहाल करेंगे। लम्बी सेवा के बाद सेवानिवृत्त होने वालों के जीवन निर्वाह के लिए पुनः पुरानी सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिया जाना उचित है।

भाजपा ने राज्य कर्मचारियों, शिक्षकों के साथ धोखा किया। पेंशन बहाली से 13.37 लाख लोग लाभाविन्त होंगे। राज्य कर्मचारियों और अटेवा संगठन की इस सम्बंध में पुरानी मांग रही है। कर्मचारियों के इलाज के लिए कैशलेस स्कीम को लागू किया जाएगा।

 

समाजवादी पार्टी के पुरानी पेंशन बहाल करने की बात कहने के बाद राजनीति का पारा और भी चढ़ गया। पेंशन बहाली के मुद्दे को राजनीति में मास्टरस्ट्रोक के रूप में देखा जा रहा है।

इसके अलावा अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने घोषणा पत्र में कर्मचारियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी सभी की समस्याओं को शामिल करेंगे और उन्हें समाजवादी सरकार बनने पर प्राथमिकता से हल करेंगें। उन्होंने वित्तविहीन शिक्षकों को सम्मानजनक मानदेय देने की व्यवस्था करने का भी आश्वासन दिया।

 

अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी कर्मचारी विरोधी है। हर वर्ग को धोखा दिया है। भाजपा सरकार भेदभाव के साथ काम करती रही जबकि समाजवादी पार्टी की कथनी करनी में कोई अंतर नहीं है। हमने जो भी वादा किया उसको पूरा किया है। आउटसोर्सिंग को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि यह अच्छी प्रथा नहीं है, इसमें शोषण के अलावा कुछ नहीं होता है। भाजपा सरकार ने कर्मचारियों की बात नहीं सुनी।

Related Articles

Back to top button