आयुष आपके द्वार शिविर में 85 मरीजों का परीक्षण
खुजली,फंगल,श्वास संक्रमण,उदर रोग समेत विभिन्न रोगों के पहुंचे मरीज

जसवंतनगर,इटावा। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार के निर्देशन में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय नगला रामसुंदर की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नंदिनी गुप्ता ने गुरुवार को गांव राजपुर में ‘आयुष आपके द्वार’ निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित कराया। शिविर में 85 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की गईं।
शिविर में खुजली,फंगल संक्रमण,श्वास संबंधी रोग,उदर रोग,खांसी, जुकाम,बुखार,जोड़ों के दर्द समेत विभिन्न जीर्ण रोगों से पीड़ित मरीज उपचार के लिए पहुंचे। मरीजों में महिलाओं की संख्या अधिक रही।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नंदिनी गुप्ता ने मरीजों को नियमित दिनचर्या अपनाने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने तथा स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेकर उपचार कराएं।
उन्होंने बताया कि आयुष विभाग की ओर से लगाए जा रहे ऐसे शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों तक आयुर्वेदिक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के साथ ही उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
शिविर में भृत्य सत्यप्रकाश,योग प्रशिक्षक अनुज समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।



