डीपी खराब, 25 केवीए ट्रांसफार्मर की मांग
बिजली दफ्तर पर विद्युत उपभोक्ताओं का प्रदर्शन

भरथना,इटावा। कल्पना नगर में ऊसराहार रोड स्थित मिर्चूमल मिल के पास 16 केवीए का ट्रांसफार्मर खराब होने से मोहल्लेवासियों के सामने विद्युत आपूर्ति का संकट खड़ा हो गया है। ट्रांसफार्मर बदलने और क्षमता बढ़ाने की मांग को लेकर शनिवार को एक दर्जन से अधिक मोहल्लेवासी बिजलीघर भरथना पहुंच गए और विरोध जताया।
मोहल्लेवासियों के अनुसार 16 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे ट्रांसफार्मर के अंदर अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिसके बाद विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। लाइनमैन से जांच कराने पर ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी हुई। इसके बाद मोहल्लेवासियों ने 17 सितंबर को विद्युत उपखंड अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर खराब डीपी बदलने के साथ ही कनेक्शनों के बढ़े हुए लोड को देखते हुए क्षमता 16 केवीए से बढ़ाकर 25 केवीए करने की मांग की थी।
समस्या का समाधान न होने पर शनिवार को अमित कुमार, कुसमा देवी, राजीव कुमार, यदुवीर सिंह, कश्मीर सिंह और सुरेंद्र सिंह समेत एक दर्जन से अधिक मोहल्लेवासी बिजलीघर पहुंच गए। उन्होंने अधिकारियों के समक्ष नाराजगी जताते हुए जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की। मोहल्लेवासियों के विरोध के बाद जेई नीरज कुमार ने शीघ्र नया ट्रांसफार्मर लगवाकर विद्युत आपूर्ति सुचारु कराने का आश्वासन दिया।



