3 देश, 3 पासपोर्ट और एक मुख्यमंत्री की पत्नी; पवन खेड़ा के इस खुलासे से दिल्ली से गुवाहाटी तक मचा हड़कंप

चुनावी मौसम में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच ‘धोबी पछाड़’ दांव की राजनीति आम बात है। ऐसे में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला खूब चलता है। दोनों पक्ष एक-दूसरे की कमजोर ‘नस’ ढूंढने में कोई कसर नहीं छोड़ते। अहम ‘क्लू’ मिलने पर पूरी ताकत के साथ प्रहार का प्रयास किया जाता है। जल्दबाजी में लगाए गए गंभीर आरोप अक्सर बैक फायर होने की आशंका भी रहती है।

सीएम की पत्नी के पास तीन देशों के पासपोर्ट

असम विधानसभा चुनाव के ऐन मौके पर कांग्रेस ने मौजूदा मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा को लेकर जो सनसनीखेज आरोप लगाए हैं, उसने असम से नई दिल्ली तक सियासी हलचल बढ़ा दी है। हालांकि सरमा दंपति ने आरोपों को खारिज कर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दे डाली है। सियासी गलियारों में यह मामला चर्चाओं में है। कांग्रेस का दावा है कि रिनिकी भुइयां के पास तीन देशों के पासपोर्ट हैं, मगर हिमंत ने चुनावी हलफनामे में इसका जिक्र नहीं किया है।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का आरोप है कि रिनिकी भुइयां के पास यूएई, एंटीगुआ-बारबुडा और मिस्र का पासपोर्ट है। खेड़ा का कहना है कि असम में लुटेरों की सरकार है और ये फरार होने की तैयारी है। यदि वह चुनाव हारते हैं तो देश छोड़ कर भाग जाएंगे। जवाब में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा का कहना है कि ये दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत और राजनीतिक रूप से प्रेरित झूठ हैं, जिनका मकसद असम की जनता को गुमराह करना है।

पहले कांग्रेस में थे हिमंत बिस्व सरमा

खैर कांग्रेस के दावे में कितना दम है और विधानसभा चुनाव पर इस मामले का कितना असर पड़ेगा, यह निकट भविष्य में मालूम पड़ जाएगा। भाजपा के दो मुख्यमंत्रियों की छवि फायर ब्रांड लीडर की है। इनमें यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ और हिमंत बिस्व सरमा शामिल हैं। हिमंत भाजपा से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रह चुके हैं। राहुल गांधी के साथ ट्यूनिंग न बैठने पर उन्होंने कांग्रेस को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद उन्होंने असम में कड़ी मेहनत कर अपना अलग राजनीतिक वजूद तैयार किया। वह सख्त प्रशासक के तौर पर जाने जाते हैं।

असम में घुसपैठ रोकने और घुसपैठियों के खिलाफ एक्शन लेने में वह हमेशा तत्पर दिखाई देते हैं। राहुल गांधी से उनके आवास पर हिमंत बिस्व सरमा व कांग्रेस के अन्य नेताओं की एक मुलाकात के चर्चे अक्सर होते रहते हैं। उस समय सरमा कांग्रेस में थे। आरोप है कि मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने आगंतुक नेताओं से ज्यादा ध्यान अपने पालतू डॉगी पर दिया था। फिलहाल असम में चुनाव की वजह से सियासी तापमान हाई है।

15 साल का किला और BJP की घेराबंदी: क्या चौथी बार CM बन पाएंगी ममता दीदी?

इस बीच सीएम सरमा की पत्नी पर तीन-तीन पासपोर्ट रखने के आरोप लगाकर कांग्रेस ने बड़ा दांव खेला है, मगर इन आरोपों में यदि सच्चाई नहीं हुई तो पवन खेड़ा सहित विपक्ष के कई नेताओं को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। पवन खेड़ा द्वारा फोड़े गए सियासी बम के बाद राहुल गांधी भी मैदान में उतर आए हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा, “हिमंत सरमा देश के सबसे भ्रष्ट और सबसे सांप्रदायिक मुख्यमंत्री हैं। हिमंत सरमा ने असम की जनता को धोखा देकर गुमराह किया है। इसका सबूत जनता के सामने है। असम की जनता उनके भ्रष्टाचार को कभी माफ नहीं करेगी। हालांकि कांग्रेस के भाजपा के खिलाफ सनसनीखेज आरोपों के पिछले रिकॉर्ड को देखें तो यह पार्टी जिसे ‘एटम बम’ की संज्ञा देती है, वह बाद में फुलझड़ी साबित होता रहा है।

Related Articles

Back to top button