20 साल पुराना इंतजार खत्म: हिंडन नदी पर 40 करोड़ से बनेगा पुल, लोनी से राजनगर एक्सटेंशन की राह होगी आसान

गाजियाबाद। लोनी विधानसभा क्षेत्र के लाखों लोगों का करीब 20 साल पुराना इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। शुक्रवार को विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने दोपहर 12 बजे हिंडन नदी पर बनने वाले पुल के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से फरुख नगर से राजनगर एक्सटेंशन तक 181.580 मीटर लंबा पुल बनाया जाएगा। शिलान्यास समारोह में स्थानीय लोगों ने विधायक का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान जय श्रीराम के नारे भी लगाए गए।

विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि यह पुल लोनी के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से जाम और लंबी दूरी की समस्या से परेशान हैं। पुल बनने के बाद लोनी से गाजियाबाद, राजनगर, दिल्ली-मेरठ रोड और हिंडन एयरफोर्स स्टेशन तक पहुंचना आसान होगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में लोनी से राजनगर एक्सटेंशन और कविनगर जाने के लिए लोगों को कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इससे समय और ईंधन दोनों की खपत होती है। पुल बनने के बाद सीधा मार्ग मिलने से लाखों लोगों को रोजाना के जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

विधायक ने कहा कि लोनी में सड़क, पुल, सीवरेज, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में कई विकास परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। आने वाले समय में क्षेत्र में और भी योजनाएं लाई जाएंगी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हिंडन नदी पर पुल निर्माण की मांग पिछले करीब 20 वर्षों से की जा रही थी। शिलान्यास के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि पुल बनने से आवागमन सुगम होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है और आसपास के क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

Related Articles

Back to top button