पीएम मोदी आज राजा महेन्‍द्र प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी का करेंगे शिलान्‍यास

स्टार एक्सप्रेस डिजिटल :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अलीगढ़ में राजा महेंद्र प्रताप सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी का शिलान्यास करने आ रहे हैं। लोधा के गांव मूसेपुर में यूनिवर्सिटी की जमीन पर ही वह डेढ़ लाख से अधिक लोगों को संबोधित करेंगे। वे यहां डिफेंस कॉरिडोर के अलीगढ़ नोड का शिलान्यास भी करेंगे। अलीगढ़ में पीएम मोदी के आगमन को लेकर बड़े स्‍तर पर तैयारियां की गई हैं।

 

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। इस बीच कुछ भाजयुमो कार्यकर्ताओं को रोके जाने पर सांसद बिफर गए। उन्‍होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी से कप्‍तान को बुलाने के लिए कहा। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में जनता के प्रवेश के लिए 38 प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। हर द्वार पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं।

 

 

 

 

विधानसभा चुनाव को देखते हुए पीएम मोदी के आज के दौरे को कई मायनों में महत्‍वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीति के जानकार राजा महेन्द्र प्रताप सिंह यूनिवर्सिटी के शिलान्यास को जाटों को साधने की बीजेपी की कोशिशों से भी जोड़ रहे हैं। वहीं डिफेंस कॉरीडोर के शिलान्यास से भाजपा उद्योग को बढ़ावा देने व रोजगार के अवसर देने का संदेश देना चाहती है।

 

 

 

 

मुरसान के राजा महेंद्र ने देश को आजादी दिलाने के लिए लगभग 34 साल देश से बाहर रहकर संघर्ष किया। प्रथम विश्व युद्ध के दौरान राजा महेंद्र ने अफगानिस्तान में देश की पहली निर्वासित सरकार का गठन किया था। इस सरकार में वे राष्ट्रपति बनाए गए थे। राजा को आयरन पेशवा के नाम से भी जाना जाता था। देश आजाद होने की मुनादी होने पहले 1946 में महेंद्र प्रताप ने देश की धरती पर कदम रखा। कोलकाता में सरकार पटेल की बेटी ने उनका स्वागत किया था। अब 14 सिंतबर को पीएम नरेन्द्र मोदी अलीगढ़ में उनके नाम पर स्टेट यूनिवर्सिटी का शिलान्यास करने आ रहे हैं।

 

 

 

 

पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर लगातार हो रही बारिश ने प्रशासन की टेंशन बढ़ा दी थी। कल भी रुक-रुककर बारिश होती रही। तीन दिन पहले भी भारी बारिश की वजह से कार्यक्रम स्थल दलदल में तब्‍दील हो गया था। सैकड़ों ट्रक बालू के मैदान में डलवाए गए थे। सोमवार को भी जब सीएम व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे थे तो करीब आधा घंटे तक हुई तेज बारिश से कार्यक्रम स्थल पर कीचड़ हो गया। मौसम वैज्ञानिकों ने मंगलवार को भी बारिश की संभावना जताई है। मौसम को लेकर अफसरों और भाजपा नेताओं की टेंशन बढ़ी हुई है।

 

 

 

 

प्रधानमंत्री के साथ कार्यक्रम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, उत्तरप्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा सहित कई मंत्री मौजूद रहेंगे।

 

 

 

12 बजे-प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व अन्य विशिष्ट अतिथियों का मंचासीन होना
12 से 12:02 तक- मुख्यमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री अंगवस्त्र देना
12:02 से 12:06 तक-उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा द्वारा स्वागत उद्बोधन
12:06 से 12:09 तक-राजा महेन्द्र प्रताप सिंह स्टेट यूनीवर्सिटी का वीडियो क्लिप से प्रदर्शन
12:09 से 12:12 तक-डिफेंस कॉरीडोर अलीगढ़ नोड की प्रगति का प्रदर्शन
12:12 से 12:19 तक- मुख्यमंत्री द्वारा उद्बोधन
12:19 से 12:23 तक-प्रधानमंत्री द्वारा दोनों प्रोजेक्ट का शिलान्यास
12:23 से 13:00 तक-प्रधानमंत्री का संबोधन
13:00 बजे-प्रस्थान

 

 

 

 

पीएम मोदी करीब 12 बजे हवाई मार्ग से सीधे लोधा के गांव मूसेपुर में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। पीएम मोदी मेक इन इंडिया के तहत डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर (अलीगढ़ नोड) व राजा महेन्द्र प्रताप सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी का शिलान्यास करेंगे। इस कार्यक्रम में लगभग डेढ़ लाख लोग शामिल होंगे।

 

 

 

 

Related Articles

Back to top button