निर्भया के दोषी ने फांसी की सजा से बचने के लिए रची ये साजिश, एक बार फिर कोर्ट ने बदला फैसला

फांसी की तारीख करीब आते देख निर्भया के दोषी विनय ने जेल में पैंतरेबाजी शुरू कर दी है। वह खुद को बीमार दिखाने की कोशिश कर रहा है। शुक्रवार को उसने जेल अधिकारियों के होश यह कहकर उड़ा दिए कि उसने एक पिन निगल लिया है और उसके मुंह से खून आ रहा है।

इस घटना की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। इसके बाद उसकी मेडिकल जांच की गई और एक्सरे कराया गया। रिपोर्ट आने के बाद विनय का दावा गलत साबित हुआ। जेल अधिकारियों का कहना है कि चारों दोषी पूरी तरह स्वस्थ हैं।

डेथ वारंट के मुताबिक, 3 मार्च को निर्भया के दोषियों को फांसी दी जानी है। इसे लेकर दोषियों की नींद उड़ गई है। दोषी विनय इस बात से ज्यादा परेशान है और लगातार अपने को बीमार दिखाने की कोशिश में जुटा है। कुछ दिन पहले उसने दीवार पर सिर पटककर खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी। अब उसने पिन निगलने का दावा किया है।

जेल सूत्रों के मुताबिक, दोषियों को यह बात पता है कि उन्हें फांसी पर तभी लटकाया जा सकता है, जब वे शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ रहेंगे।मेडिकल रिपोर्ट में अस्वस्थ करार दिया जाता है तो उनकी फांसी टल सकती है।

ऐसे में दोषी इस बात का फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं। इस संबंध में जेल अधिकारियों का कहना है कि सभी दोषी पूरी तरह स्वस्थ हैं। उनका रोज मेडिकल चेकअप किया जा रहा है। साथ ही काउंसलिंग भी कराई जा रही है।

Related Articles

Back to top button