‘धर्म निरपेक्षता दिवस’ के रूप में मनाया जायेगा मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन

स्टार एक्सप्रेस डिजिटल.

लखनऊ. आजाद भारत के ‘नेताजी’ कहे जाने वाले मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन 22 नवम्बर 2018 को है। इसे लेकर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) ने एक बड़ा ऐलान किया है। धर्म निरपेक्षता एवं समाजवाद को सशक्त स्वर देने वाले मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन पार्टी ‘‘धर्म निरपेक्षता दिवस’’ के रूप में मनाएगी ताकि लोकजीवन में धर्म निरपेक्षता एवं सामाजिक सद्भाव जैसे शाश्वत मूल्यों को ताकत मिले।

आज से नौ दिन बाद यानी 22 नवम्बर 2018 को मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन है। यह उनका 79वां जन्मदिन है। मुलायम सिंह का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई गाँव में मूर्ति देवी व सुधर सिंह यादव के किसान परिवार में हुआ था। मुलायम सिंह यादव अपने पाँच भाई-बहनों में रतनसिंह यादव से छोटे व अभयराम सिंह यादव, शिवपाल सिंह यादव, रामगोपाल सिंह यादव और कमला देवी से बड़े हैं। पिता सुधर सिंह यादव उन्हें पहलवान बनाना चाहते थे किन्तु पहलवानी में अपने राजनीतिक गुरु नत्थूसिंह को मैनपुरी में आयोजित एक कुश्ती-प्रतियोगिता में प्रभावित करने के पश्चात उन्होंने नत्थूसिंह के परम्परागत विधान सभा क्षेत्र जसवन्त नगर से अपना राजनीतिक सफर शुरू किया।

मुलायम सिंह के जन्मदिन पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के महासचिव आदित्य यादव ने पार्टी के समस्त जिला/महानगर अध्यक्ष एवं पार्टी के पदाधिकारीगणों से अनुरोध किया है कि वह समाज के गरीब, दीन-दुखियों व मजदूरों के मध्य जाकर नेता जी के दीर्घायु होने की कामना करते हुए फल वितरण एवं रक्त दान करें। संगोष्ठी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करें, जिससे जनमानस में यह संदेश जाये कि इंसानियत से बड़ी कोई सेवा नहीं होती है।

आदित्य यादव ने कहा कि लखनऊ व इटावा के अलावा प्रदेश के सभी जिलों में नेताजी के जन्मदिन को ‘धर्म निरपेक्षता दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। लखनऊ में नेताजी के जन्मोत्सव का यह कार्यक्रम 6 लाल बहादुर शास्त्री मार्ग पर आयोजित किया जाएगा। आगे उन्होंने कहा कि जन्मोत्सव कार्यक्रम (धर्म निरपेक्षता दिवस) को भव्य स्वरूप दिया जा सके इसके लिए विस्तृत कार्यक्रम की रूप रेखा अतिशीघ्र तय कर जल्द सभी को अवगत कराया जाएगा जिससे जन्मोत्सव कार्यक्रम को भव्य स्वरूप दिया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button