यमुना नदी में युवाओं ने चलाया स्वच्छता अभियान
सेवा पखवाड़ा के तहत मां ब्रह्माणी माता मंदिर परिसर में स्वयंसेवकों ने की साफ-सफाई

जसवंतनगर,इटावा। सेवा पखवाड़ा के तहत मेरा युवा भारत (माय भारत) इटावा के स्वयंसेवकों ने मंगलवार को यमुना नदी की तलहटी में स्थित मां ब्रह्माणी माता मंदिर, बलरई में स्वच्छता अभियान चलाया। माय भारत इटावा की उपनिदेशक सोनिका चंद्रा के निर्देशन में यूथ क्लब नगला तौर की ओर से आयोजित अभियान में युवाओं ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिला कार्यकारिणी समिति सदस्य एवं प्रदेश सचिव प्रधान संघ जितेंद्र शीलू तोमर ने कहा कि धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। युवाओं को ऐसे अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि मंडल अध्यक्ष प्रथम संजय मिश्रा,भाजपा नेता अजय चौहान,बलरई थाने के उपनिरीक्षक शेर सिंह और कंपोजिट स्कूल नगला तौर के प्रधानाध्यापक अनुराग भदौरिया मौजूद रहे। कार्यक्रम के नोडल एवं युवा मंडल अध्यक्ष ऋषभ पाठक के नेतृत्व में नीरज, यूथ क्लब सदस्य शिवेक कुमार,पीयूष,विनायक, आयुष,आशीष,राजेंद्र सिंह,लालमन आदि ने स्वच्छता अभियान में सहयोग किया।



