जसवंतनगर के युवक की कानपुर में हुई मौत
मंदिर जाते समय हुआ सड़क हादसा

जसवंतनगर,इटावा। कानपुर के सचेंडी क्षेत्र में सोमवार को हुए सड़क हादसे में जसवंतनगर निवासी 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की खबर से पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई।नगर के कटरापुख्ता निवासी वंश वर्मा पुत्र रत्नेश वर्मा कानपुर के पीएसआईटी कॉलेज में बीबीए द्वितीय वर्ष का छात्र था और वह कानपुर में रहकर ही पढ़ाई कर रहा था। जानकारी के अनुसार सोमवार को कॉलेज में पढ़ाई के बाद वंश शिव मंदिर में दर्शन के लिए पैदल जा रहा था।
इसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने उसे कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही वंश की मौत हो गई। हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और टैंकर को सीज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।मृतक के पिता रत्नेश वर्मा सर्राफ का काम करते हैं।मां संध्या वर्मा और भाई मनु वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि वंश मृदुभाषी और होनहार छात्र था।वंश की मौत की खबर मिलते ही परिजन आनन-फानन में कानपुर पहुंचे। नगर में शोक का माहौल है। शोक में सर्राफ व्यापारियों ने अपनी प्रतिष्ठान बंद रखे। शाम को जब वंश का शव जसवंतनगर लाया गया तो हर किसी की आंखें नम थीं।



