बिजली चोरी के खिलाफ छापा: नौ बिजली चोर पकड़े

जसवंतनगर,इटावा। हाई लॉस फीडर रेलमंडी क्षेत्र में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए बुधवार सुबह बिजली विभाग और विजिलेंस टीम ने सिसहाट तथा मोहन की मढ़ैया मोहल्लों में संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान नौ स्थानों पर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए उपभोक्ता पकड़े गए। सभी के खिलाफ बिजली अधिनियम के तहत विभागीय कार्रवाई की गई।

अभियान में विजिलेंस टीम प्रभारी उपनिरीक्षक भगवान सिंह,विजिलेंस अवर अभियंता आलोक कुमार तथा नगरीय जेई कौशल पांडे अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। जांच के दौरान एक स्थान पर पांच किलोवाट और आठ स्थानों पर दो-दो किलोवाट की बिजली चोरी पकड़ी गई।

जेई कौशल पांडे ने बताया कि सिसहाट निवासी सुघर श्री के यहां पांच किलोवाट,जबकि रूबी,रामकिशोर, राजमाता,आशाराम, सुनीता,विकास और अनिल के यहां दो-दो किलोवाट की बिजली चोरी मिली। वहीं मोहन की मढ़ैया निवासी राम खिलाड़ी भी अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़े गए। सभी के खिलाफ बिजली अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जेई ने बताया कि रेलमंडी फीडर हाई लॉस श्रेणी में होने के कारण यहां बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने उपभोक्ताओं से नियमित विद्युत कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करने की अपील की है। चेतावनी दी गई है कि बिजली चोरी करते पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई के साथ आर्थिक दंड भी वसूला जाएगा।

Related Articles

Back to top button