दो बाइकों की भिड़ंत में एक घायल की मौत: दूसरा गंभीर

दो बाईकों की भिड़ंत में घायल हुए थे दोनों बाइक सवार

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र में ग्राम नगला अंते के सामने बुधवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई,जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला ताल (तुरैया) निवासी राजेश कुमार तथा आदेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उनका 23 वर्षीय भतीजा विनोद कुमार पुत्र राकेश कुमार बुधवार रात करीब आठ बजे बाइक से बाजार कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम नगला अंते के सामने,तेज रफ्तार सामने से आ रहे जनपद औरैया के थाना अछल्दा क्षेत्र के गांव चिरैयापुर निवासी युवक की बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और घायल विनोद को पहले निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें आगरा के निजी अस्पताल रेफर किया गया,जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

दूसरी बाइक सवार चिरैयापुर निवासी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद सैफई पीजीआई रेफर किया गया है,जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button