जल जीवन मिशन: दस पंचायत सखियों को मिली किट
पानी गुणवत्ता जांचने के टेस्टिंग किट का हुआ वितरित

जसवंतनगर,इटावा। जल जीवन मिशन के तहत 10 ग्राम पंचायतों की जल सखियों को पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए टेस्टिंग किट वितरित की गईं। ब्लॉक सभागार स्थित प्रेरणा सभागार में आयोजित जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में जल निगम के अधिकारियों ने मिशन की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी।
डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर विजय कुमार चौपाल, कोऑर्डिनेटर सुनील दत्त और अल्पना पांडेय ने जल सखियों को प्रशिक्षित किया। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके लिए जल स्रोतों, ओवरहेड टंकियों, पाइपलाइन नेटवर्क और घरों तक पहुंच रहे पेयजल की नियमित निगरानी आवश्यक है।
प्रदान की गई जल परीक्षण किटों की सहायता से जल सखियां अपने-अपने गांवों में पानी के नमूनों की जांच करेंगी। वे जल की गुणवत्ता पर नजर रखेंगी और पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, पाइपलाइन लीकेज, टंकियों की साफ-सफाई तथा जलापूर्ति से संबंधित समस्याओं की जानकारी संबंधित विभाग को देंगी।



