सिर्फ हॉलमार्क लोगो देखकर न खरीदें सोना, सर्राफा संघ ने दी चेतावनी; ऐसे करें शुद्धता की जांच

how to check hallmarked gold: त्योहारी और शादी-ब्याह के सीजन में सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी करते समय लोग अक्सर चमक, डिजाइन और मेकिंग चार्ज के डिस्काउंट पर ध्यान देते हैं, लेकिन शुद्धता के मोर्चे पर जरा सी लापरवाही आपकी गाढ़ी कमाई पर भारी पड़ सकती है। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के कड़े नियमों के बावजूद केवल दुकान या गहने पर बना हॉलमार्क का लोगो देखकर भरोसा करना खतरे से खाली नहीं है। पाटलिपुत्र सर्राफा संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार ने ग्राहकों को आगाह करते हुए साफ किया है कि बाजार में वर्तमान में कुल ज्वेलरी दुकानों में से 50 प्रतिशत से भी कम दुकानें BIS में विधिवत पंजीकृत हैं। ऐसे में किसी भी दुकान से खरीदारी करने से पहले उसकी वैधानिकता और मानकों की जांच करना बेहद जरूरी हो गया है।

हॉलमार्क देखकर भी लूटे जा रहे हैं ग्राहक

सर्राफा संघ के अनुसार, कई गैर-पंजीकृत दुकानदार भी अपने बोर्ड या काउंटर पर भ्रम फैलाने के लिए BIS का लोगो चस्पा कर देते हैं। नियमों के मुताबिक, प्रत्येक अधिकृत ज्वेलरी शॉप को अपने मुख्य काउंटर या दीवार पर बीआईएस का आधिकारिक रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और हॉलमार्किंग गाइडलाइन के पैम्फलेट प्रदर्शित करना अनिवार्य है। इसलिए ग्राहकों को सबसे पहले दुकान में लगे इस प्रमाणपत्र की पुष्टि करनी चाहिए, ताकि यह तय हो सके कि प्रतिष्ठान नियमों के तहत ही कारोबार कर रहा है।

गहना पसंद करने के बाद उसकी असल शुद्धता परखने के लिए केवल मोहर नहीं, बल्कि उस पर खुदे 6 अंकों के अल्फान्यूमेरिक HUID (हॉलमार्क यूनीक आइडेंटिफिकेशन) नंबर की जांच सबसे अहम कदम है। अब ग्राहकों को सोने की शुद्धता जांचने के लिए किसी लैब के चक्कर काटने या दुकानदार के दावों पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। केंद्र सरकार के आधिकारिक ‘BIS Care App’ को मोबाइल में डाउनलोड करके गहने पर छपा HUID नंबर डालते ही स्क्रीन पर आभूषण की पूरी जन्मकुंडली खुल जाती है। इसमें कैरेट के हिसाब से शुद्धता, सटीक वजन और हॉलमार्किंग की तारीख का विवरण आ जाता है।

महिलाएं तारीफ़ें क्यों भूल जाती हैं लेकिन ताने नहीं, जानें क्या कहती है साइकोलॉजी

तकनीक को और पारदर्शी बनाते हुए अब नई व्यवस्था के तहत बीआईएस केयर ऐप में संबंधित गहने की ओरिजिनल फोटो भी अपलोड की जा रही है। इससे ग्राहक यह आसानी से मिला सकते हैं कि जो आभूषण उनके हाथ में है, रिकॉर्ड में दर्ज तस्वीर उसी की है या किसी पुराने गहने का HUID दूसरे पर इस्तेमाल किया जा रहा है। सर्राफा विशेषज्ञों ने ग्राहकों को भारी छूट, सस्ते दाम और बिना बिल के सोना देने जैसे लुभावने प्रलोभनों से बचने की सख्त हिदायत दी है। सही बिल, अनिवार्य HUID जांच और BIS पंजीकृत दुकान से की गई खरीदारी ही सोने को सुरक्षित और शुद्ध निवेश बनाती है।

Related Articles

Back to top button