शालीमार गार्डन में एक करोड़ की स्मैक के साथ तीन युवक और महिला गिरफ्तार
ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 969 ग्राम स्मैक, 1.74 लाख रुपये नकद और चार मोबाइल बरामद

गाजियाबाद। शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत डीएलएफ क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने तीन युवकों और एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 860 पुड़िया समेत कुल 969 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने स्मैक बिक्री के 1,74,990 रुपये नकद, पीली धातु की तीन अंगूठियां और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को चेकिंग के दौरान मुखबिर से डीएलएफ शालीमार गार्डन में स्मैक तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर मोहम्मद आर्यन (20), इमामुद्दीन (19), इमरान (25) और समीना (32) को गिरफ्तार कर लिया। इनमें तीन आरोपी डीएलएफ शालीमार गार्डन के एक फ्लैट में रहते थे, जबकि इमरान दिल्ली के न्यू सीमापुरी का निवासी है।
महिला बताई जा रही गिरोह की सरगना
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि समीना दिल्ली से स्मैक खरीदकर लाती थी और अन्य आरोपियों के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों में इसकी बिक्री कराती थी। आरोपी स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर नशा करने वालों को 300 से 400 रुपये में बेचते थे। पुलिस के मुताबिक, समीना को गिरोह की सरगना बताया गया है।
मकान बदलकर छिपाते थे अपना ठिकाना
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वे किराये के मकान और फ्लैट बदलते रहते थे। एक-दो महीने में नया ठिकाना बना लेते थे। जिस फ्लैट से गिरफ्तारी हुई, उसे भी करीब एक महीने पहले किराये पर लिया गया था। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब स्मैक की सप्लाई के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।



