फांसी पर लटका मिला बुजुर्ग महिला का शव: हत्या का आरोप
जमीन विवाद पर बेटी ने भाभियों पर लगाए गंभीर आरोप,

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महलई में करीब 70 वर्षीय लज्जावती पत्नी स्वर्गीय भगवानदास का शव शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में घर की छत पर बने कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
बताया गया कि लज्जावती अपने बड़े पुत्र अजय कुमार के साथ रहती थीं, जबकि उनके अन्य दो पुत्र विजय कुमार और राजकुमार सामने बने अलग-अलग मकानों में निवास करते हैं। शुक्रवार को उनका शव छत पर लगे लोहे के पाइप से साड़ी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
मृतका की बेटी अनीता देवी ने अपनी तीनों भाभियों सुनीता देवी, तारा देवी और सुधा देवी पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जमीन को लेकर लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और उनकी मां के साथ आए दिन मारपीट व प्रताड़ना की जाती थी। आरोप है कि इसी विवाद के चलते उनकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया।
उधर,बड़े पुत्र अजय कुमार ने बहन के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उनका कहना है कि घटना के समय घर में केवल उनकी पत्नी मौजूद थीं, जबकि दोनों भाइयों की पत्नियां अपने-अपने घरों में थीं।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



