मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को दिया करियर गाइडेंस, सरकारी नौकरियों की बताई राह

सुंदरदीप कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में लक्ष्य निर्धारण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दिए टिप्स

गाजियाबाद। मिशन शक्ति फेज-6 के तहत गाजियाबाद पुलिस की ओर से छात्राओं को सुरक्षा के साथ आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। नौ दिवसीय विशेष अभियान के पांचवें दिन सुंदरदीप कॉलेज में करियर गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की छात्राओं को करियर चयन, सरकारी नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध केशव कुमार चौधरी और सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया। अधिकारियों ने कहा कि सफलता हासिल करने के लिए अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुसार करियर का चुनाव करना जरूरी है। स्पष्ट लक्ष्य और सही दिशा में निरंतर मेहनत से बेहतर भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।

सरकारी नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की दी जानकारी

पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को पुलिस विभाग सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं में करियर बनाने के अवसरों, भर्ती प्रक्रिया, शैक्षणिक योग्यता और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बारे में बताया। उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासन और समय प्रबंधन को सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की जानकारी भी दी गई। छात्राओं को अपनी रुचि और क्षमता पहचानकर भविष्य की योजना बनाने तथा आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

छात्राओं की जिज्ञासाओं का किया समाधान

करियर काउंसलिंग के दौरान छात्राओं ने अपने सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों और शिक्षाविदों ने जवाब देकर मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अधिकारियों ने छात्राओं से आत्मनिर्भर बनकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

Related Articles

Back to top button