घंटों चला जान बचाने का रेस्क्यू ऑपरेशन
तालाब के दलदल में फंसी नीलगाय को बचाया

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर विकास खंड क्षेत्र के ग्राम नगला नरिया में गुरुवार को इंसानियत और संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली। गांव के तालाब के गहरे कीचड़ में फंसी एक नीलगाय को ग्रामीणों ने घंटों की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस की 112 पीआरबी और वन विभाग की टीम ने भी रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया।
बताया गया कि तालाब में नीलगाय के फंसे होने की सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने रस्सियों की मदद से काफी देर तक प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद नीलगाय को सुरक्षित कीचड़ से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने नीलगाय को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।
रेस्क्यू अभियान में पुष्पेंद्र यादव,विनोद यादव, कौशलेंद्र यादव उर्फ बबलू,भोला यादव, प्रशांत यादव,करू पंडित सहित दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी ने मिलकर बेजुबान जीव की जान बचाने के लिए एकजुट होकर प्रयास किए।
ग्रामीणों की इस सराहनीय पहल की क्षेत्रभर में चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि संकट में फंसे बेजुबान जीवों की रक्षा करना भी समाज का दायित्व है और नगला नरिया के ग्रामीणों ने अपने साहस, संवेदनशीलता और सामूहिक प्रयास से इसका प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।



