सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर ही होगा सशक्त समाज का निर्माण : इंजी मान सिंह पटेल

○ कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों और संकल्पों से पीछे नहीं हटने वाले ही इतिहास बनाते हैं : बिंदेश्वरी पासी

ऊँचाहार, रायबरेली। शनिवार को नगर के बस स्टॉप स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही उनके व्यक्तित्व, कृतित्व, संघर्ष और देश की एकता एवं अखंडता में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा नेता इंजीनियर मान सिंह पटेल ने कहा कि इतिहास वही लोग बनाते हैं, जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों और संकल्पों से पीछे नहीं हटते। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन दृढ़ इच्छाशक्ति, साहस, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण की मिसाल है। उन्होंने अपने मजबूत नेतृत्व और दूरदर्शिता से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचार और आदर्श आज भी समाज को एकजुट रहने तथा अपने अधिकारों और सिद्धांतों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देते हैं।

वहीं समाजवादी पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष विंदेश्वरी पासी ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन से हमें एकता, भाईचारे, सामाजिक समरसता और दृढ़ संकल्प की सीख मिलती है। आज समाज के प्रत्येक वर्ग को उनके आदर्शों और बताए मार्ग पर चलने की जरूरत है। उनके विचारों को आत्मसात करके ही एक सशक्त, संगठित और समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

इस अवसर पर नरेंद्र यादव, कमलेश मौर्य, देवनाथ पाल सहित अन्य लोगों ने भी सरदार पटेल के जीवन एवं उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने उनके बताए आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। वहीं
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button