सिंघनी में श्रीराम कथा के दूसरे दिन उमड़ा आस्था का सैलाब

सुलतानपुर। बल्दीराय तहसील क्षेत्र के बहुरावां स्थित सिंघनी अमृत गार्डेन में श्रीराम कथा के दूसरे दिन शनिवार को भक्ति की अविरल धारा बही। अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कथावाचक राजन जी महाराज के मुखारविंद से शिव विवाह, राजा दक्ष के यज्ञ और भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पूरा पंडाल जयश्रीराम के जयघोष से गूंजता रहा।कथा व्यास राजन जी महाराज ने कहा कि श्रीराम कथा सुनकर जीवन को धन्य बनाया जा सकता है। भगवान श्रीराम का चरित्र मानवता के लिए आदर्श है। उनके जीवन से सत्य, धर्म, प्रेम, त्याग और मर्यादा की सीख मिलती है।
श्रीराम के आदर्शों को अपने आचरण में उतारने से ही मानव जीवन सार्थक होगा।उन्होंने कहा कि श्रीरामचरितमानस केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं,बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला मार्गदर्शक है। इसकी चौपाइयों में सदाचार, कर्तव्य और जीवन की कठिन परिस्थितियों से निपटने की प्रेरणा छिपी है।कथा सुनने का वास्तविक लाभ तभी है, जब मनुष्य उसके संदेशों को अपने व्यवहार में अपनाए और अहंकार त्यागकर विनम्रता का मार्ग चुने।राजन जी महाराज ने राजा दक्ष के यज्ञ में भगवान शिव के अपमान,माता सती की पीड़ा और वीरभद्र द्वारा दक्ष यज्ञ के विध्वंस का प्रसंग विस्तार से सुनाया। इसके बाद भगवान शिव के विवाह और प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव का मनोहारी वर्णन किया। भजन और संगीतमय प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालु झूमते नजर आए। कथा स्थल पर देर तक जयकारे गूंजते रहे।
आयोजक ब्लॉक प्रमुख शिवकुमार सिंह और उनकी जिला पंचायत अध्यक्ष पत्नी ऊषा सिंह ने सपरिवार भगवान श्रीराम का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर आरती उतारी। कार्यक्रम में अयोध्या के गोसाईगंज विधायक अभय सिंह, गौरीगंज विधायक राकेश सिंह, राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य दीपू उपाध्याय, पुष्पा सिंह, राजेश दुबे, रमाकांत अग्रहरि, प्रियव्रत शुक्ला, मनीष शुक्ला, डॉ.अवधेश त्रिपाठी, बीडीओ विमलेश चंद्र त्रिवेदी और मनोज यादव सहित हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। कथा के समापन पर सामूहिक आरती की गई।



