सेंफई में अर्धवार्षिक स्वास्थ्य जांच मेला सफल

यूपीयूएमएस में अर्धवार्षिक स्वास्थ्य मेला में 425 कार्मिकों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण

सैफई,इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह की संवेदनशील पहल पर विश्वविद्यालय के कार्मिकों एवं उनके परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से अर्धवार्षिक स्वास्थ्य मेले का सफल आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य मेले में कुल 425 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा विभिन्न श्रेणियों में कुल 2 हजार 591 जांचें संपन्न की गईं। इस पहल का उद्देश्य विश्वविद्यालय में कार्यरत प्रत्येक कार्मिक को समय पर स्वास्थ्य जांच, बीमारियों की पहचान एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना है।

स्वास्थ्य मेले के दौरान 30 कार्मिकों की ईसीजी जांच,80 की एक्स-रे जांच,22 की अल्ट्रासाउंड जांच तथा 60 कार्मिकों की हेल्थ एटीएम के माध्यम से स्वास्थ्य जांच की गई। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रकार की अन्य आवश्यक जांचों सहित कुल 2 हजार 591 जांचें संपन्न हुईं। इस आयोजन के माध्यम से कार्मिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षणों एवं चिकित्सकीय सुविधाओं का लाभ मिला।

इस अवसर पर कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह ने कहा कि आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के सभी कार्मिक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए लगातार मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करते हैं। ऐसे में उनके एवं उनके परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी हमारे परिवार का हिस्सा है और उसका स्वास्थ्य एवं कल्याण हमारी प्राथमिकता है।

कुलपति ने विशेष रूप से संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर अपनी संवेदनशीलता व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में संविदा एवं आउटसोर्स कर्मी अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन कुछ नियमों के कारण उन्हें संस्थान की ओर से उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पाता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कर्मचारी राज्य बीमा निगम से वार्ता की गई है। प्रयास किया जा रहा है कि इन कर्मचारियों को ईएसआईसी के दायरे में शामिल कराने के साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में ही ईएसआईसी क्लीनिक की स्थापना हो सके, जिससे कर्मचारियों को ईएसआईसी की सुविधाओं के लिए इटावा न जाना पड़े।

उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया को पूरा होने में अभी कुछ समय लगेगा। इसी को ध्यान में रखते हुए अर्धवार्षिक स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया है,ताकि इस बीच भी विश्वविद्यालय के कार्मिकों को आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिलती रहे। स्वास्थ्य मेले पर होने वाले व्यय का वहन विश्वविद्यालय अपनी बचत से करेगा, जिससे कर्मचारियों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

कुलपति श्री सिंह ने सभी कार्मिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि हम सभी एक परिवार हैं। किसी भी कर्मचारी को कोई समस्या या परेशानी हो तो वह सीधे उनसे मिलकर अपनी बात रख सकता है। उसकी समस्या के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन की यह पहल केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित नहीं है,बल्कि अपने कार्मिकों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भी परिचायक है। 425 कार्मिकों का स्वास्थ्य परीक्षण और 2 हजार 591 जांचों का सफल संपादन इस बात का प्रमाण है कि यूपीयूएमस प्रशासन अपने कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।

Related Articles

Back to top button