बगिया गाँव की सड़क बदहाल, छह साल से जिम्मेदार मौन

सुल्तानपुर। जयसिंहपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत बगिया गांव में सड़क की बदहाली ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है। गांव की मुख्य सड़क बीते करीब छह वर्षों से जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने और जलनिकासी के लिए नाली की व्यवस्था न होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और ग्राम प्रधान कुलदीप यादव की ओर से अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं कराया गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक बगिया गांव से दियरा चौराहा तथा बगिया चौराहे को जोड़ने वाला यह मार्ग आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसी रास्ते से छोटे-बड़े वाहनों के साथ ग्रामीणों का रोजाना आना-जाना होता है। सड़क की लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, नाली की समुचित व्यवस्था न होने से बरसात के पानी की निकासी भी प्रभावित होती है। इससे ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।
गांव वालों का कहना है कि करीब छह वर्षों से सड़क की यही स्थिति बनी हुई है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने से उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों और ग्राम प्रधान कुलदीप यादव से सड़क की जल्द मरम्मत कराने तथा जल निकासी के लिए नाली का निर्माण कराने की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि गांव की इस प्रमुख सड़क को गड्ढामुक्त कराकर जलनिकासी की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।



