विजय नगर-बागू के बीच बनेगा 13 करोड़ का गांमी पुल, सांसद अतुल गर्ग और विधायक संजीव शर्मा ने किया शिलान्यास
एक साल में पूरा करने का लक्ष्य, पुल पर लगेंगी तीन लिफ्ट

गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के ऊपर विजय नगर से कृष्णा नगर-बागू को जोड़ने वाले प्रस्तावित गांमी पुल के निर्माण कार्य का मंगलवार को विजय नगर बाईपास पर शिलान्यास किया गया। सांसद अतुल गर्ग और शहर विधायक संजीव शर्मा ने संयुक्त रूप से परियोजना का शिलान्यास किया। करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल को लगभग एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
परियोजना के तहत पुल पर कुल तीन लिफ्ट लगाई जाएंगी। इनमें दो लिफ्ट विजय नगर की ओर और एक लिफ्ट बागू की तरफ लगाई जाएगी। इससे पुल पर पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी और दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि बढ़ती आबादी और लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव के बीच बेहतर कनेक्टिविटी समय की आवश्यकता है। इस पुल के बनने से विजय नगर, कृष्णा नगर, बागू और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
शहर विधायक संजीव शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने परियोजना के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार का आभार जताया।



