दो घंटे बारिश से डूबा नगर: घरों में घुसा पानी
रेलमंडी,कचौरा रोड समेत कई इलाकों में जलभराव,पालिका की व्यवस्था पर उठे सवाल

जसवंतनगर,इटावा।मंगलवार दोपहर करीब दो घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने नगर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। रेलमंडी, कचौरा रोड, नगर पालिका रोड, कैस्त रोड और नदी के पुल से लुधपुरा मार्ग तक कई मोहल्लों में सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। जलभराव इतना अधिक था कि कई घरों और दुकानों में बारिश का पानी घुस गया,जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सड़कों और गलियों में घुटनों तक पानी भर जाने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। कई स्थानों पर दोपहिया और चारपहिया वाहन पानी में फंस गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात में यही हाल होता है, लेकिन जल निकासी की स्थायी व्यवस्था आज तक नहीं हो सकी है।
लोगों का आरोप है कि नालियों की समय पर सफाई नहीं होने और निकासी व्यवस्था कमजोर होने के कारण थोड़ी देर की बारिश भी नगर के लिए आफत बन जाती है। कई परिवारों को घरों में भरे पानी को निकालने के लिए बाल्टियों और मोटर पंप का सहारा लेना पड़ा।
जलभराव से राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका से नियमित नालियों की सफाई कराने और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आगामी बारिश में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
इस संबंध में नगर पालिका परिषद के अधिशाषी अधिकारी श्याम वचन सरोज ने कहा,बरसात शुरू होने से पहले ही नगर के बड़े और छोटे नालों तथा नालियों की सफाई का अभियान चलाया गया था। यदि कहीं नाला चोक होने के कारण जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई है, तो उसे तत्काल चिन्हित कर अति शीघ्र ही सफाई दुरुस्त कराई जाएगी, ताकि नगर वासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


