भोगनीपुर नहर पटरी से अंधेरे में सिल्ट खनन

ग्राम सिरहोल से नगला दशहरी तक जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से सिल्ट उठाने का आरोप

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र में भोगनीपुर गंग नहर की पटरी पर सिरहोल से नगला दशहरी तक रात के समय अवैध सिल्ट खनन किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि खनन माफिया जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से नहर की पटरी से सिल्ट निकालकर ले जा रहे हैं, जिससे पटरी की मजबूती पर खतरा मंडरा रहा है।

ग्रामीण सुरेश कुमार, राजकुमार,कृष्णवीर, अभय प्रताप,कल्याण सिंह,वीरेंद्र सिंह,दिनेश और निरोत्तम समेत अन्य लोगों ने बताया कि इस संबंध में एसडीएम और खनन अधिकारी से कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद लंबे समय से रात के अंधेरे में अवैध खनन जारी है। उनका कहना है कि प्रभावी कार्रवाई न होने से खनन करने वालों के हौसले बुलंद हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो नहर की पटरी कमजोर होने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने के साथ आसपास के क्षेत्र को भी नुकसान पहुंच सकता है।

उधर,नहर विभाग के अवर अभियंता महिपाल सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से नहर की पटरी से सिल्ट उठाने की किसी व्यक्ति या संस्था को कोई अनुमति नहीं दी गई है। यदि बिना अनुमति सिल्ट निकाले जाने की शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई कराई जाएगी।

Related Articles

Back to top button