Jantar Mantar Protest: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की हालत स्थिर, डॉक्टरों की लगातार निगरानी में इलाज जारी

नई दिल्ली, 19 जुलाई। लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल स्थिर है। हालांकि लंबे समय से जारी भूख हड़ताल के कारण उनके शरीर पर पड़े प्रभाव को देखते हुए डॉक्टर उन्हें लगातार निगरानी में रखे हुए हैं। वीएमएमसी एवं सफदरजंग अस्पताल द्वारा जारी चौथे हेल्थ बुलेटिन में बताया गया है कि उनके सभी महत्वपूर्ण शारीरिक मानक (वाइटल पैरामीटर) स्थिर हैं, लेकिन रक्त जांच के कुछ मानक अभी भी सामान्य स्तर से हल्के अंतर के साथ दर्ज किए गए हैं।
रविवार को जारी बुलेटिन के मुताबिक, लंबे उपवास के कारण शरीर पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को ध्यान में रखते हुए वांगचुक की देखरेख विशेषज्ञ डॉक्टरों की बहु-विषयक टीम कर रही है। वीएमएमसी एवं सफदरजंग अस्पताल के चिकित्सकों के साथ-साथ एम्स, नई दिल्ली के विशेषज्ञ भी उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है, लेकिन भविष्य में किसी भी संभावित जटिलता से समय रहते निपटने के लिए निरंतर चिकित्सकीय हस्तक्षेप और चौबीसों घंटे क्लीनिकल मॉनिटरिंग आवश्यक है। इसी वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती रखकर सभी जरूरी उपचार उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही उनकी क्लीनिकल स्थिति और रक्त संबंधी मानकों की नियमित जांच की जा रही है, ताकि स्वास्थ्य में किसी भी प्रकार का बदलाव होने पर तुरंत आवश्यक चिकित्सा दी जा सके।


