श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं का हुआ वर्णन

महराजगंज, रायबरेली। महराजगंज विकासखंड क्षेत्र के गंगापुर पोस्ट खेखरुआ स्थित बाबा श्री घिसियावन दास जी महाराज की पावन तपस्थली में कूटी के महंत रामवचन दास जी महाराज के द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन कथा व्यास वेद प्रकाश दीक्षित ने भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। इसमें श्रद्धालु जमकर थिरके। इस मौके पर पूरा कथा परिसर भगवान श्री कृष्ण के जयकारों तथा नंद के आनन्द भयो, जय कन्हैयालाल की जय से गूंजायमान हो उठा।
कथा के दौरान पंडित वेद प्रकाश दीक्षित ने भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन कर धर्म, अर्थ, काम व मोक्ष की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा जब-जब अत्याचार और अन्याय बढ़ता है, तब-तब प्रभु का अवतार होता है। प्रभु का अवतार अत्याचार को समाप्त करने और धर्म की स्थापना के लिए होता है।
जब कंस ने सभी मर्यादाएं तोड़ दी तो प्रभु श्रीकृष्ण का जन्म हुआ। यहां पर जैसे ही श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग कथा में आया तो श्रद्धालु हरे राधा-कृष्ण के उदघोष के साथ नृत्य करने लगे। कथावाचक पंडित वेद प्रकाश दीक्षित ने जन्मोत्सव के प्रसंग में श्रोताओं को भाव विभोर कर दिया। चौथे दिन कथा में आयोजक महन्त श्री रामवचन दास जी महाराज, यजमान राजकुमारी सिंह, जगत नारायन मिश्रा, दद्दू सिंह, हीरा सिंह, दीपक मिश्रा, पवन साहू, पवन तिवारी, दिलीप तिवारी, प्रमोद मिश्रा, श्यामबाबू शुक्ला, पवन द्विवेदी, अनिल मिश्रा, सुरेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।



