विद्युत विभाग की लापरवाही से गर्भवती गाय की मौत

पशु पालकों में विद्युत विभाग पर भारी आक्रोश

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के पालीबंबा के समीप मंगलवार की दोपहर करीब ढाई बजे विद्युत विभाग की घोर लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। करंट दौड़ते तार को देखकर करीब एक दर्जन लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

इसी दौरान तार की चपेट में आने से पीड़ित पशुपालक सौरभ यादव पुत्र बृजराज सिंह, निवासी पालीबंबा की गर्भवती गाय की तड़प-तड़पकर मौके पर मौत हो गई। गाय की कीमत लगभग 65 हजार रुपये बताई जा रही है। मोहल्ला वासियों के अनुसार करंट में झुलसने के बाद गाय करीब 20 मिनट तक तड़पती रही, लेकिन सूचना देने के बावजूद विद्युत विभाग ने समय रहते लाइन बंद नहीं की।

घटना के घंटों बाद विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सिर्फ औपचारिकताएं पूरी कर चली गई, जिससे लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। मोहल्ला वासियों ने विभाग घोर लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के कारण घटनास्थल पर तनाव का माहौल रहा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विद्युत लाइन की सप्लाई समय पर काट दी जाती, तो हादसे को टाला जा सकता था। घटना के बाद मोहल्लेवासियों में गहरा रोष व्याप्त है।

Related Articles

Back to top button