जामुन के पेड़ पर लटका मिला युवक का शव
वीडियो कॉल पर बोला:मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं’,फिर

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चदेठी में मंगलवार को एक 20 वर्षीय युवक का शव अपने ही खेत में जामुन के पेड़ पर लटका मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। युवक हरियाणा में नौकरी करता था और मंगलवार सुबह ही घर लौटा था। घटना की सूचना मिलने के बाद पूरा गांव शोक में डूब गया
जानकारी के अनुसार चदेठी निवासी सनी यादव 20 पुत्र मदन गोपाल यादव बीएससी का छात्र था साथ ही हरियाणा में प्राइवेट नौकरी भी करता था। परिजनों के मुताबिक वह मंगलवार सुबह हरियाणा से घर आया था। करीब साढ़े 11 बजे वह घर से निकला और कुछ देर बाद उसका शव घर से लगभग 500 मीटर दूर स्थित निजी खेत में जामुन के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले मृतक सनी ने किसी दोस्त या रिश्तेदार को वीडियो कॉल कर आत्महत्या करने की बात कही थी। इसके बाद संबंधित व्यक्ति ने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार सनी की तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद खेत में जामुन के पेड़ पर उसका शव लटका मिला।
घटना की खबर मिलते ही मृतक की मां सुमन समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक का बड़ा भाई सचिन जो बाहर निजी नौकरी करता है, सूचना मिलने के बाद घर के लिए रवाना हो गया।
परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी है। युवक द्वारा यह कदम उठाने के पीछे क्या कारण रहे,इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है। गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।



