पत्नी से विवाद पर नहर में कूदा युवक
नहर से सुरक्षित बाहर निकाल पुलिस ने बचाई जान

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवक ने पत्नी से विवाद के बाद भोगनीपुर गंग नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की सतर्कता और साहस से युवक की जान बचा ली गई।
जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद जनपद के थाना सिरसागंज क्षेत्र के ग्राम सिरसा खास निवासी 35 वर्षीय प्रदीप पुत्र राधेश्याम एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय का कार्य करता है। बताया गया है कि मंगलवार सुबह पत्नी से कहासुनी होने के बाद वह बलरई स्थित देशी शराब के ठेके पर पहुंच कर मदिरापन करने के उपरांत अपनी जीवन लीला समाप्त करने के उद्देश्य से पास ही स्थित नहर में छलांग लगाकर कूद गया।संयोगवश उधर से गुजर रहे बलरई थानाध्यक्ष कृपाल सिंह ने युवक को नहर में छलांग लगाते देख तत्काल पुलिस कर्मियों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद डूब रहे युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसवंतनगर में भर्ती कराया।



