ट्रेन के आगे कूदकर युवक ने की आत्महत्या

पत्नी से विवाद पर जियारत एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूदने का उठाया कदम

जसवंतनगर,इटावा। कचौरा घाट बाईपास स्थित रेलवे पुल के नीचे से गुजर रही दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग की डाउन लाइन पर शुक्रवार को एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना खंभा नंबर 1170/14 के पास हुई,जहां 12396 जियारत एक्सप्रेस के सामने कूदने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राजेंद्र कंजर 45 पुत्र बालकराम निवासी ग्राम अघारा,थाना विधूना,जिला औरैया के रूप में हुई है। वह पिछले चार वर्षों से अपनी ससुराल पक्ष के साथ डूडा कॉलोनी में परिवार सहित रहकर मजदूरी कर जीवन यापन कर रहा था। बताया गया है कि बीती रात किसी बात को लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान था।

शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह घर से निकला था। दोपहर करीब 12 बजे स्टेशन अधीक्षक जसवंतनगर द्वारा मीमो के माध्यम से पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कस्बा प्रभारी मनीष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के बाद मृतक की पत्नी पिंकी देवी तथा उसके तीन पुत्रों और एक बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Back to top button