फांसी लगाकर युवक ने आत्महत्या का किया प्रयास
परिजनों ने गम्भीर हालत में सैफई कराया भर्ती

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर नगर के मोहल्ला सिद्धार्थपुरी निवासी 25 वर्षीय अंकित पुत्र रवि कुमार ने शुक्रवार को फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना की जानकारी उस समय हुई जब परिजनों ने उसे कमरे में फंदे पर लटका देखा। आनन-फानन में परिजनों ने युवक को फंदे से नीचे उतारा और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया।
सीएचसी में डॉ.वीरेंद्र सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे सैफई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी का माहौल रहा। आत्महत्या के प्रयास के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
बीमारी की संदिग्धता से नवयुवती की मौत
जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र के गांव जारीखेड़ा निवासी अखिलेश कुमार की 18 वर्षीय पुत्री आकांक्षा की गुरुवार रात अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार कुछ समय पूर्व सिर में तेज दर्द के कारण वह कोमा में चली गई थी,जिसका आगरा में उपचार कराया गया था। इलाज के बाद स्वास्थ्य में सुधार हो गया था।
बताया गया कि गुरुवार रात आकांक्षा को अचानक फिर से सिर में तेज दर्द और सांस लेने में दिक्कत होने लगी। घबराए परिजन एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां डॉ.वीरेन्द्र सिंह ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बिना किसी पुलिस कार्रवाई के शव को अपने साथ घर ले गए।
जंगली सुअरों के झुंड से बाइक टकराई
जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर में शुक्रवार को अपनी साली को क्षेत्र के जसोहन बगिया स्कूल से परीक्षा दिलाकर वापस लौट रहे आगरा जनपद के पिनाहट तहसील क्षेत्र के थाना खेड़ा राठौर अंतर्गत गांव खोअरी निवासी 20 वर्षीय रामकेश पुत्र रामबाबू सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया गया कि रास्ते में अचानक सड़क पार कर रहे जंगली सुअरों के झुंड निकलने से उनकी मोटर साइकिल टक्करा गयी जिससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो। सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक शिवशंकर सिंह ने घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज के लिए रैफर कर दिया लेकिन परिजन आगरा के एक निजी अस्पताल में युवक को रेफर कराकर ले गए।



