महिला अधिकार,बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान सम्पन्न

जसवंतनगर,इटावा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पीसीपीएनडी अधिनियम, लैंगिक समानता, महिलाओं के अधिकार एवं बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान को लेकर क्षेत्र में दो स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मलाजनी स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र पर आयोजित कार्यक्रम का संयोजन पीएलवी लालमन बाथम ने किया। उन्होंने बताया कि भ्रूण लिंग जांच कराना व कराना दोनों अपराध हैं और इस पर कड़े दंड का प्रावधान है। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया गया।
धनुवां पंचायत घर में आयोजित कार्यक्रम का संयोजन पीएलवी राजेंद्र यादव द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा और सम्मान देना समाज की जिम्मेदारी है तथा बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान में सभी की सहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रमों में आंगनवाड़ी व आशा कार्यकत्रियां, पंचायत सहायक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
कर्म सिद्धांत पर मुनि के प्रेरक उद्गार
जसवंतनगर,इटावा। नगर के श्री पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर में नगर में विराजमान मुनि श्री 108 विश्वास सागर जी महाराज ने कर्म सिद्धांत पर महत्वपूर्ण प्रवचन दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य को सदैव वर्तमान में जीना चाहिए। जो प्राप्त है, उसे संतोषपूर्वक स्वीकार करते हुए उत्तम भोग सामग्री का विवेकपूर्ण उपयोग करना चाहिए।

मुनि ने कहा कि भूतकाल में जो हो चुका है, उस पर अनावश्यक चिंतन नहीं करना चाहिए और न ही भविष्य की चिंता में वर्तमान को व्यर्थ गंवाना चाहिए। उन्होंने बताया कि पूर्व जन्मों में किए गए उत्कृष्ट कर्मों के फलस्वरूप आज हमें मनुष्य जन्म एवं जैन कुल की प्राप्ति हुई है। प्रवचन के दौरान उन्होंने पुण्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि व्यक्ति पुण्य करता है तो भोग सामग्री स्वयं उसके पीछे आती है। लक्ष्मी को यदि आप छोड़ देते हैं, तो वही लक्ष्मी आपके पीछे दौड़ती है।
उन्होंने कहा कि यदि आत्मकल्याण करना है तो इस दुर्लभ मनुष्य जन्म को सार्थक बनाते हुए कल्याण के मार्ग पर अग्रसर होना चाहिए। साथ ही शुभ क्रियाओं अर्थात् शुभ कर्मों के साथ नियम व संयम को अपनाकर अपनी आत्मा का कल्याण करना चाहिए, जिससे मोक्ष मार्ग प्रशस्त हो सके।प्रवचन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और मुनि श्री के विचारों से प्रेरित हुए।



