महिला ने पंखे से फांसी लगाकर दी जान, दो मासूम बच्चों की मां थी

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम नगला खुशहाली में शनिवार सुबह एक महिला ने घर के कमरे में पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार नगला खुशहाली निवासी शकुंतला देवी 28 पत्नी विजय कुमार ने शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अपने घर में दुपट्टे से पंखे के कुंडे में फांसी लगा ली। जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

बताया गया है कि मृतका की शादी करीब छह वर्ष पहले विजय कुमार पुत्र महाराज सिंह के साथ हुई थी। पति पेशे से वाहन चालक है। मृतका अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई है। इनमें विराज बाबू करीब डेढ़ वर्ष और सनाया कुमारी करीब साढ़े तीन वर्ष शामिल हैं। मां की मौत से दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतका का मायका चौबिया थाना क्षेत्र के ग्राम पुंज में बताया गया है। घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए।

सूचना पर उपनिरीक्षक शिवशंकर सिंह व कृष्ण कुमार सिंह फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच पड़ताल करने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button