सड़क पर घूमने निकला मगरमच्छ: वीडियो वायरल

ग्रामीणों में दहशत बलरई-ब्राह्मणी देवी मार्ग पर सप्तधारा कुंड के पास दिखा मगरमच्छ

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र में बलरई से ब्राह्मणी देवी, नगला तौर,सरामई,घुराह और जाखन समेत करीब दर्जनभर गांवों को जोड़ने वाले मार्ग पर खारजा झाल स्थित सप्तधारा कुंड के पास मंगलवार शाम मगरमच्छ के सड़क पर विचरण करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। हालांकि आपका हिंदुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

सड़क पर भारी-भरकम मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी बलरई थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह को दी। थानाध्यक्ष ने वन विभाग को सूचना देकर मगरमच्छ को रेस्क्यू करने के लिए टीम भेजने का अनुरोध किया है।

ग्रामीणों ने बताया कि सप्तधारा कुंड और आसपास के जलभराव वाले क्षेत्र में मगरमच्छ होने की आशंका पहले भी जताई जाती रही है। सड़क पर उसके आने से राहगीरों और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस और वन विभाग की टीम द्वारा मामले की जांच और रेस्क्यू की कार्रवाई की जानी है।

Related Articles

Back to top button