PAK मीडिया में क्यों छाए हैं पृथ्वीराज चव्हाण, भारत की हार का दावा कर फंसे कांग्रेस के दिग्गज

नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी और राहुल गांधी को अदालत से राहत मिलने के बाद कांग्रेस ने आक्रामक तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर जुबानी हमला बोला गया है। कांग्रेस के बयानवीरों की सेना एकाएक भाजपा पर टूट पड़ी है। विपक्ष के नेताओं का उत्साह चरम पर है। इस बीच महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के सीनियर लीडर पृथ्वीराज चव्हाण ने ऐसा विवादास्पद बयान दे दिया है, जिस पर सियासत गरमा गई है।
सेना का अपमान या राजनीतिक हथियार
चव्हाण ने भारतीय सेना की बहादुरी एवं पराक्रम पर सवाल उठाकर पाकिस्तान को खुश होने का अवसर दे दिया है। भारत-पाकिस्तान में पृथ्वीराज चव्हाण का बयान चर्चाओं में है। नेशनल हेराल्ड केस में दिल्ली की एक अदालत ने इस आधार पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया कि एजेंसी की जांच निजी शिकायत पर आधारित है, एफआईआर पर नहीं।
इसके बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, कोर्ट के फैसले के बाद मोदी और शाह को इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि यह उनके चेहरे पर तमाचा है। इसके इतर महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने ऑपरेशन सिंदूर पर विवादित बयान देकर पाकिस्तान के सफेद झूठ को सच साबित करने का प्रयास किया है।
पाक मीडिया में छाए कांग्रेसी नेता
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के पहले दिन भारत को पूरी तरह पराजय का सामना करना पड़ा था। यदि बठिंडा, सिरसा या ग्वालियर से कोई प्लेन उड़ान भरता तो पाकिस्तान उसे मार गिरा सकता था, इसलिए एयर फोर्स को पूरी तरह से जमीन पर रखा गया। पृथ्वीराज चव्हाण का यह दावा भारतीय सेना की ताकत पर सवाल उठाता है। पाकिस्तानी मीडिया ने चव्हाण के बयान का हवाला देकर अपने मुल्क की ताकत का गुणगान आरंभ कर दिया है। इससे पहले राहुल गांधी भी ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सवाल उठाते रहे हैं।
हाजी मस्तान की बेटी का दर्द, डॉन की वारिस आज PM मोदी से मांग रही है न्याय की भीख
आगे उन्होंने दावा किया था कि इस अभियान के दौरान भारत के कई विमानों को नुकसान पहुंचा, मगर सरकार ने इस बारे में जानकारी नहीं दी। वैसे कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम नया नहीं है। भाजपा से अदावत के कारण वह जब-तब पड़ोसी मुल्क का महिमामंडन करती रही है। हालांकि सेना के शौर्य पर शक करना कांग्रेस को शोभा नहीं देता है।
वहीं, भाजपा सांसद बृजलाल ने कांग्रेस नेता के बयान की तीखी आलोचना की है। सांसद बृजलाल का कहना है कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से पाकिस्तान परस्त रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी जब विदेश में जाते हैं तो देश का अपमान करते हैं। वैसे इस मुद्दे पर सियासी तकरार और बढ़ने के प्रबल आसार हैं। सोशल मीडिया पर भी यह मामला भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के मध्य जुबानी जंग का नया हथियार बन चुका है। कुछ यूजर्स का मानना है कि सेना को राजनीति में नहीं घसीटा जाना चाहिए। युद्ध में नफा-नुकसान होता रहता है।
आमतौर पर दुश्मन पर मानसिक बढ़त बनाए रखने के लिए कोई भी देश अपने नुकसान को कमतर बताता है। वैसे कांग्रेस या उसके नेताओं की मंशा बेशक जो हो, इसमें दो राय नहीं कि समय के साथ भारतीय सेना की ताकत कई गुना बढ़ी है। दुश्मन को सबक सिखाने में सेना को फैसले लेने में अब किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होती है। चूंकि दुश्मन जानते हैं कि गोली का जवाब गोले से मिलना तय है। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत की बढ़ती ताकत का अहसास न सिर्फ पाकिस्तान को बल्कि समूची दुनिया को मालूम पड़ चुका है।



