विनोद निषाद हत्याकांड: पीड़ित परिवार की मदद को पहुंचे शिवा यदुवंशी, प्रशासन से तीखी नोकझोंक

स्टार एक्सप्रेस संवाददाता

लखनऊ। विनोद निषाद हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार के प्रति सहानुभूति एवं आर्थिक मदद के लिए शनिवार को सुलतानपुर के समाजसेवी शिवा यदुवंशी गोंडा पहुंचे। इस दौरान स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवार से मिलने से रोक दिया। इस दौरान शिवा यदुवंशी और प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

शिवा यदुवंशी ने कहा कि घटना के बाद जब माहौल गरम था, तब वे लोग वहां नहीं गए, ताकि किसी को यह न लगे कि वे इस मामले को राजनीतिक रूप दे रहे हैं। घटना के करीब छह-सात दिन बाद पीड़ित परिवार के पास आर्थिक सहयोग के उद्देश्य से पहुंचे थे। उनका कहना था कि हम लोग तो आंसू पोंछना चाहते थे, लेकिन शासन-प्रशासन पीड़ित परिवार से मिलने भी नहीं दे रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन की ओर से उन्हें पीड़ित परिवार से मिलने की अनुमति नहीं मिलती है, तो भी मदद का प्रयास जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर फोन के माध्यम से भी आर्थिक सहयोग किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य पीड़ित परिवार के दुख में साथ खड़ा होना और यथासंभव मदद करना है, न कि घटना को राजनीतिक रूप देना हैं।

Related Articles

Back to top button