नेताजी की जयंती पर अखिलेश हुए भावुक

सैफई मेमोरियल का वीडियो किया जारी

इटावा। समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री और यूपी की राजनीति के विशाल व्यक्तित्व मुलायम सिंह यादव की जयंती पर आज पूरे प्रदेश में कार्यक्रमों का दौर रहा। वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सैफई में नेताजी की याद में बन रहे भव्य मुलायम सिंह यादव मेमोरियल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अखिलेश यादव ने अपने संदेश में लिखा-“सिद्धांत आपके, संकल्प हमारा! नेता जी की जयंती पर नए संकल्पों से भरा हार्दिक नमन!” उन्होंने आगे लिखा…..“समाजवादी मूल्यों को समर्पित आपका जीवन हम सबके लिए ऐसा अखंड प्रकाश स्तंभ है, जो हमेशा राह दिखाता रहा है और आगे भी दिखाता रहेगा।”

अखिलेश यादव की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। वीडियो में मेमोरियल की निर्माणाधीन संरचना, विशेष डिजाइन और भविष्य में विकसित होने वाले संग्रहालय की झलक दिखाई गई है।

माना जा रहा है कि यह स्मारक नेताजी की राजनीतिक यात्रा, संघर्ष, किसान आंदोलन, रक्षा मंत्रालय कार्यकाल तथा समाजवादी विचारधारा का प्रतीक बनेगा। जिला मुख्यालय और ग्रामीण क्षेत्रों में भी समाजवादी कार्यकर्ताओं ने प्रतिमाओं और चित्रों पर पुष्प अर्पित करते हुए नेताजी को याद किया। जगह-जगह गोष्ठियों का आयोजन किया गया, जिसमें उनके संघर्षमय जीवन और किसान-गरीबों के लिए किए गए कार्यों का स्मरण किया गया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि मुलायम सिंह यादव सिर्फ एक राजनीतिक चेहरा नहीं, बल्कि एक विचारधारा थे, जिन्होंने किसान, गरीब, मजदूर और युवाओं की आवाज को सदैव मजबूत किया।

Related Articles

Back to top button