ग्राम प्रधान पर बिना काम के ही फर्जी भुगतान कराने का आरोप

महराजगंज, रायबरेली। विकास खण्ड क्षेत्र के अटरा ग्राम सभा की महिला ग्राम प्रधान पर बिना काम के ही फर्जी भुगतान कराने एवं भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगा है। गांव के एक युवक ने खण्ड विकास अधिकारी को शिकायती पत्र देते हुए ग्राम सभा का खाता बंद कराने एवं भुगतान में हुए भ्रष्टाचार की जांच कराए जाने की मांग की है।
अटरा गांव निवासी प्रदीप बाजपेई ने खण्ड विकास अधिकारी वर्षा सिंह को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि ग्राम प्रधान शशि देवी द्वारा फर्जी भुगतान लिया जा रहा है , 15 सितंबर को 14650 रुपए का भुगतान किया गया जो कि शिकायत पर रोक दिया गया है , नवंबर में 18 हजार रुपए का भुगतान सार्वजनिक शौचालय के नाम पर किया गया जब की शौचालय बंद रहता है, वहीं नवंबर में ही 78470 रुपए का भुगतान ह्यूमपाइप के नाम पर किया गया जब की गांव में मात्र 3 पाइप का ही प्रयोग किया गया है।
शिकायतकर्ता का यह भी कहना है कि मनरेगा के तहत ऐसे लोगों को मजदूरी का भुगतान किया जा रहा है जो चलने फिरने में भी सक्षम नहीं हैं। प्रदीप बाजपेई ने बीडीओ से मांग की है कि ग्रामसभा का खाता बंद कर दिया जाय और पूर्व में हुए भुगतान की जांच कराई जाए और ग्राम पंचायत में हो रहे भ्रष्टाचार की रोका जा सके। मामले में बीडीओ वर्षा सिंह ने शिकायतों की जांच कराए जाने की बात कही है।



