ऑनलाइन हाजिरी के विरोध में ग्राम विकास अधिकारियों ने किया विरोध
ब्लॉक कार्यालय पर ग्राम विकास अधिकारियों का काली पट्टी बांधकर प्रतीकात्मक धरना

जसवंतनगर,इटावा। ब्लॉक कार्यालय में ग्राम विकास अधिकारियों ने ऑनलाइन हाजिरी की अनिवार्यता के खिलाफ प्रदेशव्यापी आह्वान पर काली पट्टी बांधकर प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया। ग्राम विकास अधिकारी संघ की ओर से बुलाए गए इस आंदोलन में बड़ी संख्या में अधिकारी शामिल हुए, जिन्होंने ऑनलाइन हाजिरी को ग्रामीण क्षेत्रों में व्यावहारिक न होने का हवाला देते हुए सरकार से पुनर्विचार की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में इंटरनेट कनेक्टिविटी की कमी और तकनीकी बाधाओं के कारण ऑनलाइन हाजिरी उनके कार्य में बाधा बन रही है। उनका कहना था कि इससे उनके मूल दायित्व जैसे ग्राम पंचायत विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
प्रदर्शनकारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके बाद सभी ग्राम विकास अधिकारी तत्पश्चात् अपने दायित्वों का निर्वहन करने हेतु कार्य क्षेत्रों में रवाना हो गए। प्रदर्शन में नीरज यादव, वरुण यादव, संजीव श्रीवास्तव सहित अनेक ग्राम विकास अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। यह विरोध उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में ग्राम पंचायत अधिकारियों एवं विकास अधिकारियों की समन्वय समिति के आह्वान पर चल रहे राज्यव्यापी आंदोलन का हिस्सा है।


