कटफोरी में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंदा
दुर्घटना में जसवंतनगर के युवक की मौत

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के गांव धरवार निवासी दो युवक मंगलवार देर शाम बाइक से फिरोजाबाद जा रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कटफोरी के समीप उनकी बाइक को पीछे से आए अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर फिरोजाबाद रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार धरवार निवासी 30 वर्षीय अंशुल पुत्र प्रेमचंद्र और 20 वर्षीय राहुल कुमार पुत्र अशोक कुमार बाइक से फिरोजाबाद जा रहे थे। जैसे ही वे कटफोरी के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे और अंशुल गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए एनएचएआई एंबुलेंस के ड्राइवर बंसन्त और ईएमटी दिनेश के सहयोग से अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने अंशुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं राहुल को पहले सीएचसी सिरसागंज में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर फिरोजाबाद रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।



