दबंग पिता-पुत्र ने महिला सफाईकर्मी को पीटा: कार्रवाई की मांग
पालतू जानवर का गोबर उठाने की मना करने पर पति को भी पीटकर कीचड़ युक्त नाले में फेंका

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत नगर पालिका परिषद के दो दर्जन से अधिक महिला-पुरुष सफाई कर्मियों का बुधवार की सुबह सवा 5 बजे उस समय आक्रोश फूट पड़ा जब पालिका की महिला सफाई कर्मी मिथलेश वाल्मीक 45 वर्ष पत्नी अश्वनी वाल्मीक निवासी बृजराज नगर को ड्यूटी पॉइंट मोहल्ला टीला खुशहालपुर के दो नामजद दबंग पिता-पुत्र ने अभद्रता करते हुए पीट दिया,जिसका विरोध करने पर महिला सफाई कर्मी का सहयोग कराने पहुंचे महिला के पति अश्वनी वाल्मीक 50 वर्ष पुत्र सन्नू लाल को गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए जमकर पीटा और उठाकर कीचड़ युक्त नाले में पटक दिया।
उक्त घटना की खबर मिलते ही दो दर्जन से अधिक सफाई कर्मियों में नामजद दबंग पिता-पुत्र के विरुद्ध कार्रवाई कराने का आक्रोश फूट पड़ा।
महिला सफाई कर्मी मिथलेश वाल्मीक ने नामजदों पर आरोप लगाते हुए बताया कि वह अपने पति का सहयोग लेकर अपने ड्यूटी पॉइंट टीला खुशहालपुर ने साफ सफाई का कार्य कर रही थी,इसी बीच नामजदों ने अभद्रता करते हुए अपने पालतू पशु का गोबर साफ करने का जबरन दबाव बनाया जिसका विरोध करने पर गाली गलौज कर दोनों को पीटा फिर उसके पति को जान से मारने की धमकी देकर उन्हें उठा कर कीचड़ युक्त नाले में फेंक दिया। जिसमें वे दोनों अंदुरूनी चोट लगने से घायल हो गए।
घटना के सम्बन्ध में पीड़ित दंपति ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।



