संविधान के मूल्यों, अधिकारों-कर्तव्यों को समझना ही सच्चा गणतंत्र
सिसहाट में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया

जसवंतनगर,इटावा। मां सरस्वती कान्वेंट पब्लिक स्कूल सिसहाट में 76वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि श्री शाक्य ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपिता एवं महान स्वतंत्रता सेनानियों लाल बहादुर शास्त्री, शहीद-ए-आज़म भगत सिंह एवं चंद्रशेखर आज़ाद के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री शाक्य ने कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के मूल्यों,अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है। बच्चों को देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने अनाथ व असहाय बच्चों के लिए आर्थिक मदद योजना की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत,नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं,जिन्हें उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों ने सराहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत व सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक अर्चित यादव सहित रोहिणी तोमर,पल्लवी पाल,काजल यादव,वंदना पाल,प्रिया कश्यप आदि मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रवक्ता सौकीलाल यादव ने की। इस अवसर पर विनोद कुमार,श्रीनाथ जी,विपिन बिहारी सहित कई गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।



