उल्लासपूर्वक मना ऊंचाहार परियोजना का स्थापना दिवस

ऊँचाहार, रायबरेली। फिरोज़ गांधी ऊंचाहार परियोजना का स्थापना दिवस उल्लासपूर्ण माहौल में मनाया गया। महाप्रबंधक ( प्रचालन एवं अनुरक्षण) आशुतोष बिस्वास ने एनटीपीसी ध्वज फहराया तथा केक काटकर एक दूसरे का मुंह मीठा किया।
इस अवसर पर शांति और ऊंची उड़ान के प्रतीक गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। सभी विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं महासचिव, विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रियदर्शिनी महिला क्लब की पदाधिकारी महिलाएं तथा सी सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट अजय त्रिपाठी, महाप्रबंधक दिलीप कुमार साहू, एस यू हरिदास एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भी केक काटने तथा गुब्बारों की उड़ान में शामिल रहे।
मुख्य अतिथि ने ऊंचाहार परियोजना के अतीत और वर्तमान की चर्चा करते हुए इसे एनटीपीसी का बेस्ट पावर प्लांट बनाने पर जोर दिया। ऊंचाहार परियोजना के शुरूआती दौर के कर्मचारी के के सिंह तथा रीना सक्सेना ने अपने उस दौर के अनुभव साझा किए।
समारोह को सफल बनाने के लिए मानव संसाधन प्रमुख पंकज कुमार ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा संचालित फिरोज़ गांधी ऊंचाहार परियोजना को एनटीपीसी कंपनी ने 13 फरवरी 1992 को राज्य सरकार से अधिग्रहित किया था।
एनटीपीसी की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के फलस्वरूप आज ऊंचाहार परियोजना एनटीपीसी ही नहीं देश के सम्पूर्ण विद्युत क्षेत्र में एक मॉडल विद्युत गृह के रूप में अपनी प्रतिष्ठा अर्जित की है।
मनरेगा बचाओ अभियान में सड़क पर उतरे कांग्रेस नेता
ऊँचाहार, रायबरेली। शुक्रवार को प्रदेश काँग्रेस नेतृत्व के आव्हान पर ऊंचाहार विधानसभा के चड़रई चौराहे से ऊंचाहार तक मनरेगा बचाव अभियान के तहत एक यात्रा निकाली गयी।यह यात्रा कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं पूर्व प्रत्याशी अतुल सिंह के नेतृत्व में बाबूगंज, सेमरी, मनिपुर भटेहरी सवैया होते हुए ऊंचाहार में समाप्त हुई।
यात्रा को संबोधित करते प्रदेश सचिव ने कहा कि मनरेगा को बचाने के लिए यह यात्रा आज पूरे प्रदेश भर में निकाली जा रही है इस यात्रा का उद्देश्य है कि मनरेगा योजना को बचाने के लिए राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करें और मनरेगा के लिए मजबूती से एक साथ खड़े हो, जिसको मोदी सरकार खत्म करने की कोशिश कर रही है।
आज भारत देश को अमेरिका के द्वारा अपमानित करवाने का काम मोदी सरकार कर रही है।मोदी सरकार को महात्मा गांधी के नाम से चिढ़ है, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम को मोदी सरकार खत्म करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि हम कांग्रेसजन मनरेगा को बचाने के लिए अंतिम सांस तक लड़ते रहेंगे।विधानसभा प्रभारी प्रमेन्द्र पाल सिंह ने कहा हम सबको पूरी ताकत से मनरेगा की लड़ाई लड़नी है,यह लड़ाई आम जनमानस के सहयोग से ही जीतेंगे!राहुल गाँधी के हांथों को मजबूत करने के लिए आप सबको आगे आना होगा!
इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला महासचिव शिवानंद मौर्या, ब्लाक अध्यक्ष केदार नाथ सिंह, अनिरुद्ध दीक्षित, ज्योति पासी, मोहम्मद हारून, जिला सचिव शैलेन्द्र सिंह, मोहम्मद फारुकी, अनुज सिंह, छत्रपाल यादव, उर्मिला लोधी, शाजु नकवी, रामदत्त पांडेय, रेखा विश्वकर्म, तारा देवी, गुड़िया,के वी सिंह, रावेन्द्र सिंह, महावीर प्रसाद,गोलू अग्रहरि,अजय मौर्य, विनोद मौर्या, मोहम्मद शानू,मोहम्मद अयाज,शैलेन्द्र त्यागी,संतोष त्रिवेदी,सुनील पाल,सुरेश पटेल,रवि सिंह,राजा तिवारी,हनुमान वर्मा,प्रधान मोवीन अंसारी,गणेश प्रताप सिंह,संतोष बाजपेई आदि उपस्थित रहे।
—————————————
निकाय संविदा कर्मी की ट्रेन से कटकर मौत
ऊँचाहार, रायबरेली। शुक्रवार को क्षेत्र के रामचंद्रपुर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक 50 वर्षीय संविदा सफाई कर्मी की मौत हो गई।
इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मृतक के परिजनों में मातम छा गया है। मृतक की पहचान बाबूगंज मजरे मतरौली गांव निवासी मनोज वाल्मीकि (50 वर्ष) के रूप में हुई है। मनोज ऊंचाहार नगर पंचायत में संविदा सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत थे।
बताया जा रहा है कि वे देर रात अपने घर से निकले थे, जिसके बाद शुक्रवार उनका क्षत-विक्षत शव रामचंद्रपुर रेलवे स्टेशन की पटरियों पर पाया गया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस बाबत कोतवाली प्रभारी सियाराम राजपूत ने बताया कि मृतक के बेटे आशीष कुमार ने पुलिस को सूचित किया था कि उनके पिता रात में घर से निकले थे और सुबह उनकी मृत्यु की खबर मिली। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि यह महज एक हादसा है या कुछ और।
मनोज वाल्मीकि के आकस्मिक निधन से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया गया है कि मनोज की पत्नी की मृत्यु लगभग 8 वर्ष पहले ही हो चुकी थी। उनके परिवार में अब दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
————————————–
अनियंत्रित होकर पलटा सवारियों से भरा ई-रिक्शा
ऊँचाहार, रायबरेली। सवारियां लेकर जा रहा एक ई रिक्शा अनियंत्रित होकर लखनऊ प्रयागराज मार्ग पर पलट गया, जिससे ई-रिक्शा में बैठी कुल 6 सवारियां घायल हो गई। घायलों में दो की हालत गंभीर है, जिन्हें जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
यह हादसा राजमार्ग के किनारे स्थित सब्जी मंडी के सामने हुआ है।बताया जाता है कि एक ई रिक्शा सवारियां भरकर ऊंचाहार से बाबूगंज की ओर जा रहा था।
सब्जी मंडी के सामने ई रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे ई-रिक्शा में सवार वेदांत पब्लिक स्कूल की महिला शिक्षक वंदना शुक्ला निवासिनी प्यागपुर, लक्ष्य 8 वर्ष निवासी पयागपुर,लल्लन प्रसाद निवासी सराय हरदो ,अनारकली निवासी फूल की बाग,किशोरी अनामिका और अनिरुद्ध कुमार पांडे निवासी गुरुदीन का पुरवा घायल हो गए। ई रिक्शा अनिरुद्ध कुमार चला रहा था ।घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद वंदना और लल्लन प्रसाद को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। शेष घायलों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है।




