गौशाला के बाहर मिले गोवंशों के शव: आक्रोश
कुत्तों द्वारा गौवंशों के शव नोचने का वीडियो वायरल

जसवंतनगर,इटावा। तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत जैनपुर नागर में संचालित गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गौशाला में गोवंशों की मौत के बाद उनके शवों का नियमानुसार निस्तारण नहीं किया जा रहा है। कथित तौर पर मृत गोवंशों के शव जेसीबी या ट्रैक्टर से गौशाला के बाहर खुले स्थान पर डाल दिए जाते हैं। इससे शवों को आवारा कुत्ते नोचते दिखाई दे रहे हैं।
मामले से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा हैजिसकी आपका हिंदुस्तान अखबार पुष्टि नहीं करता है। वीडियो में कुत्तों को मृत गोवंश के शव को नोचते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि खुले में शव पड़े रहने से आसपास दुर्गंध फैल रही है और जगह-जगह पशुओं की हड्डियां बिखरी हुई हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, जिस रास्ते के आसपास मृत गोवंशों के शव पड़े होने की बात कही जा रही है, वहां से कई गांवों के लोगों का आवागमन होता है। दुर्गंध के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, आसपास घूमते आवारा कुत्तों के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में भी भय बना हुआ है।
ग्रामीणों ने गौशाला में गोवंशों की देखरेख, उनकी मौत के कारणों और मृत पशुओं के निस्तारण की व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है। साथ ही ग्राम प्रधान और सचिव की भूमिका की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग उठाई है।
एसडीएम ने कहा-जांच कर होगी कार्रवाई
इस संबंध में एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, वायरल वीडियो और ग्रामीणों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।



