कन्या कौशल शिविर में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ

संवाददाता सुल्तानपुर
सुल्तानपुर। अवध राजी राम ललन इंटर कॉलेज, मड़हा में गायत्री परिवार सुल्तानपुर की ओर से कन्या कौशल शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य चंद्रबली तिवारी ने विधिवत दीप प्रज्वलित कर किया।
दीप की लौ जलते ही परिसर में ज्ञान, संस्कार और आत्मविश्वास की नई रोशनी दिखाई दी।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ छात्र-छात्राओं ने भी पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। शिविर का उद्देश्य छात्राओं में कौशल, आत्मविश्वास, संस्कार और व्यक्तित्व विकास की भावना को मजबूत करना रहा।कार्यक्रम में विवेक तिवारी, वरुणेंद्र सिंह, ज्ञानेंद्र वर्मा, जंग बहादुर मौर्य, निखिल तिवारी, हौशिला प्रसाद, पवन कुमार पांडेय, मुद्रिका वर्मा एवं कुमारी राधा सहित विद्यालय परिवार के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
ऐसा लग रहा था मानो उत्साह का सैलाब उमड़ पड़ा हो और प्रतिभाओं ने अपने पंख पसार दिए हों। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कन्या कौशल जैसे आयोजनों को छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।प्रधानाचार्य चंद्रबली तिवारी अध्यापक विवेक तिवारी ने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उन्हें जीवन की चुनौतियों से मुकाबला करने के लिए तैयार करते हैं। जहां चाह होती है, वहां राह निकल ही आती है, और कौशल विकास उसी राह को मजबूत बनाने का काम करता है।



