पटाखा विवाद में युवक की मौत के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
मुखबिर की सूचना पर घोसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो बाल अपचारी भी पकड़े गए

मऊ। पुलिस अधीक्षक मऊ के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत घोसी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के कुशल पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी घोसी जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में थाना घोसी पुलिस ने शुक्रवार की सुबह 8:15 बजे नदवासराय अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो बाल अपचारी भी शामिल हैं।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में अमरजीत चौहान पुत्र रामचन्दर चौहान, मोलई उर्फ भोलई चौहान पुत्र बसंत चौहान, बाल अपचारी राजीव चौहान पुत्र गोलई चौहान और बाल अपचारी महेन्द्र चौहान पुत्र स्वर्गीय मुसाफिर चौहान शामिल हैं। सभी अभियुक्त ग्राम कटिहारी बुजुर्ग थाना घोसी जनपद मऊ के निवासी हैं। इन पर थाना घोसी में मुकदमा अपराध संख्या 514/2025 धारा 3(5), 115(2), 352, 351(3), 109, 103(1) बी.एन.एस. के तहत कार्रवाई की गई है।
गौरतलब है कि दिनांक 20 अक्टूबर 2025 को दीपावली की रात पटाखा फोड़ने को लेकर ग्राम कटिहारी बुजुर्ग में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने गोविन्द चौहान के परिवार पर हमला कर दिया। इस दौरान लाठी-डंडों और फावड़े से की गई पिटाई में अजय चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। घटना को लेकर 21 अक्टूबर को पीड़ित पक्ष की ओर से थाना घोसी में संदीप चौहान समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
घटना के बाद पुलिस ने 22 अक्टूबर को तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। वहीं, शेष चार आरोपी फरार चल रहे थे। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर इन चारों को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी घोसी ने बताया कि सभी अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक मऊ ने घोसी पुलिस टीम की इस तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



