सड़क दुर्घटना में दंपति की दर्दनाक मौत

पत्नी साथ बाइक से होमगार्ड परीक्षा देने जा रहा था युवक

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र में कन्नौज हाईवे पर ग्राम बंधारा के सामने कार की टक्कर से बाइक सवार होमगार्ड की परीक्षा देने जा रहे युवक व उसकी पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम खितौरा निवासी 32 वर्षीय दीपक पुत्र सियाराम की होमगार्ड परीक्षा सोमवार को आगरा में थी।

वह अपनी 29 वर्षीय पत्नी अनामिका को इटावा रिश्तेदारी में छोड़ने के बाद आगरा जाने वाले था। पति पत्नी बाइक से निकले थे और रास्ते में ही हादसा हो गया। परिजनों ने बताया कि पति-पत्नी भरथना क्षेत्र के बंधारा गांव के सामने पहुंचे,तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस बुलाकर दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों का उपचार शुरू किया,लेकिन हालत गंभीर होने के चलते इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस कार चालक की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। मृतक दंपति अपने पीछे एक अबोध बच्ची को बिलखता छोड़ गया है।

Related Articles

Back to top button