प्लास्टिक सर्जरी दिवस: सैफई में सीएमई का उद्घाटन

सैफई,इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के प्लास्टिक एवं पुनर्निर्माण सर्जरी विभाग द्वारा ‘प्लास्टिक सर्जरी दिवस’ के अवसर पर “क्रेनियोसिनोस्टोसिस: सिद्धांत,नैदानिक मूल्यांकन एवं उपचार” विषय पर आयोजित राष्ट्रीय स्तर की सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.डॉ. अजय सिंह ने किया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो.डॉ. अजय सिंह ने कहा कि सतत चिकित्सा शिक्षा सीएमई चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्टता की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विज्ञान में निरंतर हो रहे नवाचारों के साथ चिकित्सकों का अद्यतन रहना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम चिकित्सकों के ज्ञान,कौशल एवं नैदानिक दक्षता को समृद्ध करते हैं, जिससे रोगियों को बेहतर,सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है।

उन्होंने प्लास्टिक एवं पुनर्निर्माण सर्जरी विभाग द्वारा आयोजित इस महत्वपूर्ण सीएमई की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में इस प्रकार की अकादमिक गतिविधियाँ अनुसंधान, नवाचार और बहुविषयक सहयोग को प्रोत्साहित करती हैं तथा चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों तक ले जाती हैं। उन्होंने विभाग को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएँ भी दीं।

कार्यक्रम में प्रो-वाईस चांसलर प्रो.डॉ. रामाकांत यादव,डीन प्रो.डॉ.आदेश कुमार,मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.एस.पी. सिंह तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉ.अमित सिंह सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

सीएमई के दौरान एसजीपीजीआईएमएस, लखनऊ के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ.राजीव अग्रवाल ने क्रेनियोसिनोस्टोसिस की आधुनिक सर्जिकल तकनीकों एवं उपचार पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया, जबकि विभागाध्यक्ष डॉ. अतुल सक्सेना ने यूपीयूएमएस में उपलब्ध प्लास्टिक एवं पुनर्निर्माण सर्जरी की उन्नत सेवाओं एवं विभाग की शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी दी।

Related Articles

Back to top button