मेडिकल स्टोर में चोरी का कुछ घंटों में खुलासा, 1200 रुपये और सामान बरामद

गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में मेडिकल स्टोर में हुई चोरी का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए 1200 रुपये नकद और मेडिकल स्टोर का सामान बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस अब उसके साथी की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर को मेडिकल स्टोर संचालक ने लोनी बॉर्डर थाने में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर दुकान से रुपये और सामान चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के स्थानों पर जांच करते हुए आरोपी की पहचान की। इसके बाद आकाश उर्फ राजन (24) पुत्र भूदेव, निवासी अमर कॉलोनी, लोनी बॉर्डर को गिरफ्तार कर लिया गया।

चोरी का सामान और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मेडिकल स्टोर से चोरी किया गया सामान और 1200 रुपये नकद बरामद किए। बरामदगी के बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

साथी शहजाद की तलाश

पूछताछ में आकाश ने बताया कि उसने अपने साथी शहजाद पुत्र महफूज के साथ मिलकर मेडिकल स्टोर में चोरी की थी। पुलिस अब शहजाद की भूमिका की जांच करने के साथ उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Related Articles

Back to top button